गुमला/पालकोट। झारखंड के गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित RIMS रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा गुरुवार शाम से लापता थी। परिजनों के मुताबिक, देर रात कुछ युवक उसे घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। बच्ची को बेसुध अवस्था में पाया गया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही है।
परिजनों ने 4–5 युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बच्ची को पहले कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए RIMS, रांची भेज दिया।
मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक थाने में लिखित शिकायत नहीं मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बच्ची के बयान और जांच के बाद घटना की स्थिति स्पष्ट होगी तथा आरोपों की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

