रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी वापस लौटा दी है। उन्होंने गाड़ी के बार-बार खराब होने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बाबूलाल मरांडी के मुताबिक, राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ सफारी गाड़ी यात्रा के दौरान बार-बार खराब हो जाती थी। इस समस्या को लेकर उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी थी।
मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गृह विभाग से गाड़ी वापस लेने और उन्हें नई, सुरक्षित गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायतों पर सात दिनों के भीतर लिखित जवाब भी मांगा है।
बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा में तैनात जवानों की जर्जर जिप्सियों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि ये वाहन चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके हैं। ऐसी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा काफिले में 6 नवंबर को चौका के पास हुई दुर्घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

