कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीह के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में नेपाल के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बस में नेपाल के रौतहट जिले के करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। सभी देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका के बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद नेपाल लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे बस चालक को झपकी आने की वजह से बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में 10 वर्षीय शिवम कुमार समेत तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

