झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी कमांडर मिसिर बेसरा को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा बलों ने धनबाद-गिरिडीह सीमा के मनियाडीह जंगल क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर उसे उसके चार सहयोगियों के साथ दबोचा।
मिसिर बेसरा लंबे समय से सीपीआई (माओवादी) का शीर्ष कमांडर माना जाता था। उसके खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में हत्या, विस्फोट, पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले, लेवी वसूली और अन्य गंभीर मामलों सहित 150 से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मिसिर बेसरा और उसके साथ पकड़े गए अन्य चार नक्सलियों से पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सली संगठन के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और छिपे ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह हाल के वर्षों में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से राज्य और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

