जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में गुरुवार देर रात पुराने विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे मो. कैफ खान पर चापड़ से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे कैफ के दोस्त कासिफ का स्थानीय युवक दिलरैज और उसके साथियों से पुराने विवाद को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कासिफ के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोस्त को बचाने के लिए कैफ बीच में पहुंचे, तभी उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
घायल कैफ को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

