जमशेदपुर के परसुडीह निवासी सिकंदर कुमार शर्मा का शव कोवाली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि सिकंदर इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और सोमवार को काम के सिलसिले में घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
अगले दिन कोवाली इलाके में NH-220 के किनारे उसका शव मिला। शव के पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि सिकंदर की मौत कैसे हुई।
फिलहाल हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। परिवार में घटना के बाद से मातम का माहौल है।

