जमशेदपुर, 15 नवंबर 2026। शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में अवैध कारतूस की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह करीब 9:15 बजे जॉगर्स पार्क से मरीन ड्राइव जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार युवक की पहचान गोलू सिंह के रूप में बताई गई है, जो सोनारी की ग्वाला बस्ती का रहने वाला है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कथित तौर पर ये कारतूस पिंटू यादव उर्फ भैंसा से खरीदे थे। वह इन्हें सोनारी स्थित राजा खटाल के पास रहने वाले एक अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था
इस मामले में पुलिस पिंटू यादव और कथित रूप से कारतूस लेने वाले दूसरे व्यक्ति की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कारतूस कहां से लाए गए थे और इस अवैध कारोबार में कितने लोग शामिल हैं।

