जमशेदपुर: शहर के टाटा स्टील प्लांट में एक महिला सेफ्टी सुपरवाइजर पर नकाबपोश व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। घायल महिला को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर को टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल (CRM) क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी पर एक नकाबपोश व्यक्ति ने लोहे के भारी उपकरण से हमला किया। घटना के बाद घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की हालत स्थिर बताई गई है। उनके ब्रेन CT स्कैन में कोई असामान्यता नहीं मिली, हालांकि कंधे में दर्द की शिकायत थी।
घटना के बाद बिष्टुपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावर की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से भी मामले की जांच की जा रही है।

