जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र के राजीव पथ स्थित मून सिटी के पास शनिवार शाम एक महिला को बेटे की मौत का डर दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना के बाद Ulidih Police Station की पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मनोरमा देवी शाम के समय पैदल दूध लेने के लिए घर से निकली थीं। मून सिटी के पास एक युवक ने उन्हें रोक लिया और खुद को अयोध्या से आया बाबा बताते हुए हाथ की रेखा देखकर भविष्य बताने की बात कही।
आरोपी ने महिला को डराते हुए कहा कि उनके बेटे पर बड़ी विपत्ति आने वाली है और उसकी मौत हो सकती है। बेटे के साथ अनहोनी की बात सुनकर महिला घबरा गईं और उन्होंने युवक से बचने का उपाय पूछा।
आरोपी ने कथित तौर पर महिला से कहा कि विपत्ति टालने के लिए उन्हें अपने पहने हुए गहने उतारने होंगे। महिला ने सोने के कंगन, चेन और अंगूठी उतार दी। इसके बाद ठग ने गहने दूध रखने वाले केन में रखने को कहा। महिला उसके झांसे में आ गईं और गहने केन में डाल दिए।
इसी दौरान एक दूसरा युवक वहां पहुंचा और मौका पाकर दूध का केन लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद महिला को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो गई है। उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला से जानकारी ली है।
आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

