जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी गांधी मार्ग में बुधवार सुबह एक महिला से सोने की चेन झपटमारी की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मनीषा बोस सुबह करीब 8:15 बजे बाजार से काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था।
बताया गया है कि घर के पास बाइक धीमी करते हुए आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की वारदात में संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं।

