जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया में मकान के किराये और बिक्री समझौते को लेकर विवाद सामने आया है। एक 61 वर्षीय महिला ने कई लोगों पर मारपीट, पत्थरबाजी और मकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता हैफरिश के अनुसार, उन्होंने करीब दो साल पहले अपने मकान का ऊपरी हिस्सा सागर सिंह को किराये पर दिया था। महिला का आरोप है कि पिछले एक साल से किराया नहीं दिया जा रहा था। इसी बीच मकान को 2.10 करोड़ रुपये में बेचने को लेकर बातचीत हुई, जिसमें 30 लाख रुपये के लेन-देन और कथित एग्रीमेंट को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान सागर सिंह, मुन्ना सिंह, शिवम सिंह और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा पत्थरबाजी की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई। महिला के मुताबिक, घटना में उनके एक सहयोगी के माथे पर चोट आई।
महिला ने बिष्टुपुर थाने में शिकायत देकर अपने दिव्यांग पति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

