जमशेदपुर। MGM थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज थापा (32) और करण कुमार (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों को रिपीट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के पास, MGM मेडिकल कॉलेज के आसपास से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान सूरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक भी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से की जा रही थी तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

