जमशेदपुर: टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी के भारतीय कारोबार का मुनाफा पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 5,055 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में टाटा स्टील के भारतीय कारोबार का राजस्व 42,653 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी का EBITDA 10,634 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी का भारत में कच्चे इस्पात का उत्पादन बढ़कर 61.8 लाख टन पहुंच गया। वहीं, स्टील की डिलीवरी 59.8 लाख टन रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 16 प्रतिशत अधिक है।
टाटा स्टील ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड में 4.8 मिलियन टन क्षमता विस्तार परियोजना पर काम शुरू किया है। इसके अलावा टिनप्लेट विस्तार और हॉट रोल्ड पिकलिंग एवं गैल्वनाइजिंग लाइन परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।
टाटा स्टील के CEO एवं MD टी. वी. नरेंद्रन के मुताबिक, भारत में मजबूत मांग और बिक्री में बढ़ोतरी से कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती मिली है।

