जमशेदपुर: टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाने की दिशा में प्रक्रिया तेज की गई है। कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई हैं।
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को प्लांट के अंदर अपनी बाइक ले जाने के बजाय प्लांट के बाहर वाहन पार्क कर बस से अंदर जाने की व्यवस्था किए जाने पर विचार हो रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्लांट के अंदर वाहन की आवाजाही कम करना और दुर्घटनाओं को रोकना है।
कंपनी ने इस पूरी व्यवस्था को लागू करने के लिए स्टीयरिंग कमेटी और वर्किंग कमेटी बनाई है। स्टीयरिंग कमेटी नीति और मानक तय करेगी, जबकि वर्किंग कमेटी इसके क्रियान्वयन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी।

