जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी में इस साल बोनस की राशि बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। बोनस को लेकर प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच बातचीत शुरू हो गई है।
बातचीत के दौरान कंपनी के मुनाफे, उत्पादकता, प्रोफिटेबिलिटी और सेफ्टी जैसे प्रमुख मानकों पर चर्चा हुई। इस बार भी पुराने बोनस फॉर्मूले के आधार पर समझौता किए जाने की बात सामने आई है।
कंपनी का पिछले वित्तीय वर्ष में शुद्ध मुनाफा 10,886 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 9,255.05 करोड़ रुपये था। मुनाफे में बढ़ोतरी के साथ उत्पादकता और प्रोफिटेबिलिटी में भी सुधार हुआ है। इसी वजह से कर्मचारियों को इस बार ज्यादा बोनस मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि करीब 25,600 कर्मचारियों के बीच बोनस राशि बांटी जाएगी, जिनमें लगभग 11 हजार कर्मचारी जमशेदपुर के हैं। अनुमान के मुताबिक इस बार कुल बोनस राशि करीब 350 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
वहीं अधिकतम बोनस करीब 4.25 लाख रुपये तक जाने की उम्मीद है, जबकि औसत बोनस भी पिछले साल की तुलना में बढ़ सकता है। हालांकि, बोनस की अंतिम राशि और भुगतान की तारीख पर अभी प्रबंधन और यूनियन की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बोनस समझौते को लेकर 3 या 4 सितंबर तक फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। कर्मचारियों की नजर अब होने वाले अंतिम समझौते पर टिकी हुई है।

