हावड़ा से टाटानगर आ रही स्टील एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना में जमशेदपुर के मानगो निवासी 28 वर्षीय अमरीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सारडीह और झाड़ग्राम स्टेशन के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार, अमरीक सिंह ट्रेन के D-6 कोच में सफर कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन पर फेंका गया पत्थर उनके सिर में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घायल यात्री को झाड़ग्राम स्टेशन पर उतारकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
अमरीक सिंह जमशेदपुर के मानगो स्थित कुंवर बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पत्थरबाजी किसने की और इसके पीछे क्या कारण था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
चलती ट्रेन में पत्थरबाजी की इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

