जमशेदपुर। शहर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा घाट के पास उस समय लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूटी के अंदर करीब 6 फीट लंबा सांप छिपा मिला। सांप को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी मालिक मनीष कुमार ने अपनी गाड़ी के पास रखे बोरे में एक सांप को घुसते देखा। इसके बाद उन्होंने स्नेक रेस्क्यूअर मिथिलेश श्रीवास्तव उर्फ छोटू को सूचना दी। मौके पर पहुंचे छोटू ने सांप की तलाश शुरू की। सांप बोरे में नहीं मिला, लेकिन जांच के दौरान वह स्कूटी के हैंडल और आगे के कवर के अंदर छिपा हुआ मिला।
स्नेक रेस्क्यूअर छोटू ने सावधानी बरतते हुए स्कूटी के अगले हिस्से की जांच की और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद सांप को बिना नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के बाहर निकलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यूअर के अनुसार, सांप धामन प्रजाति का था। यह आमतौर पर गैर-जहरीला सांप होता है और चूहों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
स्नेक रेस्क्यूअर ने लोगों से अपील की कि यदि किसी वाहन या घर में सांप दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यूअर या वन विभाग की मदद लें।

