झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जमशेदपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जमशेदपुर को एक बेहतर मेडिकल हब के रूप में विकसित करना है।
मंत्री के मुताबिक, राज्य के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए बेंगलुरु, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों से करीब 2,000 विशेषज्ञ डॉक्टरों को लाने की तैयारी की जा रही है। इन डॉक्टरों को आकर्षित करने के लिए तीन लाख रुपये तक मासिक वेतन देने की तैयारी है।
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। इससे गंभीर मरीजों को जांच के लिए निजी सेंटर या दूसरे अस्पतालों में जाने की परेशानी कम होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 250 की गई हैं। सरकार अस्पताल की क्षमता और सुविधाओं को आगे और बढ़ाने पर काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर या झारखंड से बाहर जाने की जरूरत न पड़े और उन्हें अपने ही राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

