जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सायरा मुंडा का सोमवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा था।
उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है। अर्जुन मुंडा ने भी अपनी मां के निधन पर भावुक संदेश साझा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर 1 बजे घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। इसके बाद भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

