पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो और तेज रफ्तार हाइवा के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बारात बाढ़ के सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान बबली कुमारी, पूनम कुमारी, रेणु देवी और चालक धीरज कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला। घायलों को पहले बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

