जमशेदपुर में टाटा वर्कर्स यूनियन के आंतरिक कर्मचारियों के लंबित वेतन पुनरीक्षण समझौते पर बुधवार को हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता 1 जनवरी 2025 से लंबित था। नए वेतन समझौते के बाद कर्मचारियों के मासिक वेतन में न्यूनतम ₹5,050 और अधिकतम ₹7,060 तक की बढ़ोतरी होगी। इससे यूनियन के 25 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
समझौते के तहत मिनिमम गारंटीड बेनिफिट ₹1,500 से बढ़ाकर ₹3,060 किया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों को मिलने वाले कई भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है। परिवहन भत्ता, हाउस रेंट, एजुकेशन अलाउंस, मेंटेनेंस, मोबाइल-इंटरनेट और वॉशिंग अलाउंस में वृद्धि की गई है।
समझौते पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे समेत यूनियन के पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। यूनियन कर्मचारियों ने बेहतर वेतन समझौते के लिए नेतृत्व का आभार जताया।

