जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर स्थित गोल्डन टाउन के साटिन पिंक सैलून से जुड़ा कथित 2 करोड़ 51 लाख 80 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सोनारी पुलिस ने सैलून संचालक पूनम अरोड़ा, उनके पति सन्त्री अरोड़ा और बेटे सक्षम अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच एक दर्जन से अधिक लोगों से फ्रेंडली लोन, बिजनेस पार्टनरशिप और सैलून में निवेश के नाम पर लाखों रुपये लिए गए। आरोप है कि रकम सुरक्षित रखने और तय समय के बाद मुनाफे के साथ वापस करने का भरोसा दिया गया था।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद जब पैसे वापस मांगे गए तो टालमटोल की जाने लगी और बाद में भुगतान से इनकार कर दिया गया। शिकायत में कुल ₹2,51,80,000 की रकम का उल्लेख किया गया है।
मामले में पुलिस को WhatsApp चैट, भुगतान की रसीदें, बैंक ट्रांसफर रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब बैंक खातों, UPI लेनदेन और कथित रकम के वित्तीय ट्रेल की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामले में नामजद तीन आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

