जमशेदपुर से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी और दहेज मांगने का एक मामला सामने आया है। शादी के लिए पहले लड़की पक्ष से 6 लाख रुपये लिए गए और फिर शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर 15 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी गई। मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ दी गई।
मामला आदित्यपुर की एक 26 वर्षीय युवती से जुड़ा है। युवती की शिकायत के अनुसार, धनबाद के कतरास निवासी युवक के परिवार के साथ उसकी शादी तय हुई थी। 27 अप्रैल 2026 को जमशेदपुर के रीवा रिसॉर्ट में शादी समारोह होना था।
आरोप है कि शादी से पहले लड़के पक्ष ने शादी से संबंधित सामान खरीदने के नाम पर 6 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद शादी समारोह के दौरान 15 लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर शादी करने से इनकार कर दिया गया।
युवती ने बताया कि शादी की तैयारियों में उनके परिवार ने करीब 61 लाख रुपये खर्च किए थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता हुआ और 8 मई तक रकम लौटाने की बात कही गई, लेकिन युवती के अनुसार पैसे वापस नहीं किए गए।
इसके बाद 15 मई 2026 को एमजीएम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

