जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में RPF के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) आरपी सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग आरोपी की पत्नी से योग सीखने उसके बागबेड़ा स्थित घर जाती थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक दिन आरोपी की पत्नी के घर पर मौजूद नहीं रहने के दौरान ASI ने बच्ची के साथ कथित रूप से गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया।
घटना के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने बागबेड़ा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने आरोपी ASI को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

