जमशेदपुर, 21 सितंबर 2026: शहर में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने डेटा आधारित रोड सेफ्टी प्लान तैयार किया है। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों, ट्रैफिक दबाव और सड़क सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरस्पीडिंग पर नजर रखने के लिए सात चिन्हित स्थानों पर स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक के अनुसार, इन कैमरों को करीब दो महीने के भीतर लगाने की योजना है
प्रशासन ने दुर्घटना वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने के साथ प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों में भी सुधार की योजना बनाई है। इसमें स्ट्रीट लाइट बढ़ाना, सड़क डिवाइडर लगाना, ट्रैफिक सिग्नल को बेहतर करना, व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था और ‘लेफ्ट फ्री’ लेन को मानकीकृत करना शामिल है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पीक आवर में जाम वाले स्थानों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी। ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने, अवैध पार्किंग और अन्य यातायात उल्लंघनों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कार्यों को तत्काल, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक तीन चरणों में बांटा है। दुर्गापूजा से पहले जरूरी सुधार तत्काल किए जाएंगे, जबकि अगले 90 दिनों में मध्यम अवधि के यातायात और बुनियादी ढांचे से जुड़े बदलाव लागू किए जाएंगे। इसके बाद Tata Steel के तकनीकी विशेषज्ञ शहर की सड़कों का विस्तृत डेटा आधारित सर्वे कर दीर्घकालिक सुधारों की रिपोर्ट तैयार करेंगे।
आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 34 सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने पर जोर दिया है।
T
T

