जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने रैपिडो बाइक चालक पर छेड़खानी और गलत नीयत से उसे तय रास्ते से अलग दिशा में ले जाने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान महिला ने खुद को खतरे में महसूस किया और चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, महिला ने रैपिडो के जरिए बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक निर्धारित रास्ते पर जाने के बजाय बाइक को दूसरे रास्ते की ओर ले जाने लगा। इसी दौरान महिला के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की गई। महिला ने विरोध किया और खतरा महसूस होने पर बाइक से कूद गई।
घटना के बाद महिला ने पुलिस को जानकारी दी और सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी चालक दीपक कुमार झा, निवासी टुइलाडुंगरी, गोलमुरी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

