जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के दयाल अपार्टमेंट में शनिवार को रेलवे के एक अधिकारी का शव उनके फ्लैट से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुधांशु मिश्रा, असिस्टेंट मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में हुई है। वे टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पदस्थापित थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह रेलवे का चालक उन्हें ड्यूटी के लिए लेने उनके फ्लैट पर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मामले की सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी गई। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो सुधांशु मिश्रा अंदर मृत अवस्था में मिले।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।

