जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कदमा, सिदगोड़ा, बिरसानगर और टेल्को समेत विभिन्न इलाकों में दुर्गापूजा पंडालों के आसपास पुलिस ने बाइक पेट्रोलिंग की। वहीं, मुसाबनी के संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च किया गया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना, यातायात व्यवस्था सुचारु रखना और असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखना है। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया है।
त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

