जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा स्थित माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे एक विशालकाय जहरीला कोबरा सांप घुस गया। सांप को देखकर अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में कोबरा दिखाई देने के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सौरव मल्लिक के निर्देश पर कर्मचारी बिप्लव दत्त ने इसकी सूचना बिड़रा के उपमुखिया गोपाल गोराई को दी।
सूचना मिलते ही गोपाल गोराई रात करीब 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।
उन्होंने कोबरा को सुरक्षित जार में बंद किया और रात करीब 1 बजे मथुरापुरी जंगल में छोड़ दिया।
अस्पताल के आसपास झाड़ियों की भरमार होने के कारण अक्सर जहरीले सांप परिसर में पहुंच जाते हैं। इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

