जमशेदपुर, 15 सितंबर। जिले के लोगों को अब अपनी समस्याओं और शिकायतों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से लोग अपने मोबाइल से ही जनसमस्याएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
इसके लिए नागरिकों को WhatsApp नंबर 8580090001 पर संपर्क करना होगा। शिकायत दर्ज कराने के दौरान जरूरत के अनुसार संबंधित फोटो, दस्तावेज या अन्य जानकारी भी WhatsApp के माध्यम से भेजी जा सकेगी। सेवा में अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
प्रशासन के अनुसार WhatsApp के जरिए दर्ज की गई शिकायत को जन सहायता JSR पोर्टल से जोड़ा जाएगा। शिकायत की प्रकृति के आधार पर उसे संबंधित विभाग या अधिकारी के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
अबुआ मित्र की सबसे खास सुविधा यह है कि शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की स्थिति जानने के लिए बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। शिकायत पर हुई कार्रवाई और उसकी प्रगति की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से दी जाएगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी होगी। खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इससे काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

