जमशेदपुर, 21 अक्टूबर। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में विकास कार्यों के कारण 22 से 25 अक्टूबर तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहने की सूचना है। इस दौरान कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18601) का 22 और 23 अक्टूबर को मार्ग बदला जाएगा। ट्रेन चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी होते हुए हटिया जाएगी। इसके कारण यात्रियों को यात्रा में अतिरिक्त समय लग सकता है।
वहीं, आद्रा–आसनसोल मेमू (68046/68045) 22 से 25 अक्टूबर तक रद्द रहने की सूचना है। आसनसोल–पुरुलिया मेमू (63594/63593) 22 और 25 अक्टूबर को तथा झाड़ग्राम–पुरुलिया मेमू (68023/68024) 22 अक्टूबर को रद्द रहेगी। आद्रा–भागा मेमू (68077/68076) का परिचालन 25 अक्टूबर को प्रभावित रहेगा।
इसके अलावा, बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस (18184) को 22, 23 और 25 अक्टूबर को जरूरत के अनुसार रास्ते में 45 से 60 मिनट तक रोका जा सकता है।

