जमशेदपुर के दिव्यांगजनों के लिए राहत की खबर है। जिला प्रशासन की ओर से 24 जुलाई को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में मोबाइल कोर्ट सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में दिव्यांगजनों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास होगा।
शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन, सरकारी योजनाओं का लाभ, सहायक उपकरण, कानूनी सलाह और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकें।
जिला प्रशासन ने सभी दिव्यांगजनों और उनके परिवार के सदस्यों से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

