जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने की योजना पिछले 14 वर्षों से अधर में लटकी हुई है। वर्ष 2012 में शुरू हुई जन औषधि केंद्र की कवायद आज भी सरकारी प्रक्रिया और टेंडर के बीच फंसी हुई है। इस दौरान अस्पताल का परिसर तक बदल गया, लेकिन मरीजों को सस्ती दवाओं का लाभ नहीं मिल सका।
साकची स्थित पुराने MGM अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र के लिए अलग से भवन तैयार किया गया था। इस पर सरकारी राशि भी खर्च हुई। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराना था। रिपोर्ट के अनुसार, जन औषधि केंद्र में कई दवाएं बाजार मूल्य से 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर मिलने की उम्मीद थी।
लेकिन भवन तैयार होने के बावजूद केंद्र में दवाओं की बिक्री शुरू नहीं हो सकी और तैयार ढांचा लंबे समय तक इस्तेमाल के बिना पड़ा रहा।
पिछले 14 वर्षों में केंद्र शुरू करने को लेकर कई बार प्रशासनिक स्तर पर पहल हुई। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से जल्द केंद्र शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे बढ़ने में देरी होती रही।
अब MGM का नया 500 बेड का अस्पताल डिमना क्षेत्र में संचालित हो रहा है। नए अस्पताल के शुरू होने के बाद उम्मीद थी कि मरीजों को इलाज के साथ-साथ अस्पताल परिसर में ही सस्ती दवाओं की सुविधा भी मिलेगी। लेकिन यहां भी जन औषधि केंद्र शुरू करने की प्रक्रिया अभी टेंडर तक सीमित है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार टेंडर निकाला गया है और उम्मीद है कि जल्द केंद्र शुरू हो जाएगा।
MGM अस्पताल में कोल्हान के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। जन औषधि केंद्र शुरू नहीं होने के कारण कई मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल के बाहर निजी मेडिकल दुकानों से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। महंगी दवाओं का खर्च गरीब परिवारों के लिए इलाज का बोझ और बढ़ा देता है।
हालांकि, फरवरी 2026 में MGM में अमृत फार्मेसी शुरू करने के लिए अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसी के बीच पांच साल का समझौता भी हुआ था। इस केंद्र के माध्यम से कई दवाएं बाजार की तुलना में 50–90 प्रतिशत तक सस्ती उपलब्ध कराने की योजना बताई गई थी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 14 साल से लंबित जन औषधि केंद्र आखिर कब शुरू होगा और गरीब मरीजों को सस्ती दवाओं का वास्तविक लाभ कब मिलेगा।

