जमशेदपुर के MGM अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी को दूर करने के लिए जल्द ही शिकायत केंद्र शुरू किया जाएगा। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर बनने वाले इस केंद्र में मरीज इलाज, दवा, जांच या अस्पताल की व्यवस्था से जुड़ी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
शिकायत केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कर्मचारी मौजूद रहेगा। मरीजों की शिकायत को संबंधित अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके।
शाम के बाद आने वाली शिकायतों के लिए अस्पताल के पूछताछ केंद्र पर तैनात कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों की मदद लेने की व्यवस्था भी की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस व्यवस्था से मरीजों को अपनी परेशानी बताने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और शिकायतों का समाधान तेजी से करने में मदद मिलेगी।

