जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह में दीपावली की रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के अंदर खड़ी एक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय मकान के अंदर एक व्यक्ति मौजूद था। आग की लपटें देखकर उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन मुख्य दरवाजे से रास्ता मुश्किल होने के कारण वह पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

