जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर इलाके में स्थित LIC की बिल्डिंग में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए करीब चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है। आग में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

