जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। खासकर पोटका, डुमरिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार मरीज मिलने के बाद विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम गांव-गांव जाकर लोगों की जांच कर रही है और जिनमें मलेरिया के लक्षण मिल रहे हैं, उन्हें तुरंत दवा दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार आने पर उसे सामान्य बुखार समझकर नजरअंदाज न करें। तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं। इसके साथ ही घर और आसपास साफ-सफाई रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें और रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
प्रशासन का कहना है कि समय पर जांच और इलाज कराने से मलेरिया पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रभावित इलाकों में लगातार जांच, दवा वितरण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

