जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में बढ़ते आपराधिक मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। पुलिस ने जिले के 91 सक्रिय और कुख्यात अपराधियों को चिह्नित किया है। इनके खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस की योजना के अनुसार, 54 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश (डिटेंशन ऑर्डर) जारी कराने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि 37 अपराधियों को जिला बदर यानी तड़ीपार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पुलिस की ओर से चिह्नित लोगों में निखार सबलोक हत्याकांड, बिंदल मॉल फायरिंग और मानगो थाना क्षेत्र में SIR के नाम पर हुई लूट जैसी घटनाओं से जुड़े आरोपी भी शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने शहर में सक्रिय कई आपराधिक गिरोहों के सदस्यों को भी अपने रडार पर लिया है। इनमें अखिलेश सिंह, गणेश सिंह, बिल्ला पाठक, कन्हैया सिंह, रंजीत-संजीत और माशूक-मनीष गिरोह से जुड़े लोगों के नाम शामिल हैं। हरपाल-मनप्रीत गिरोह के सदस्यों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से संगठित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखकर शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।
पूर्वीसिंहभूम के SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, जिले में सक्रिय और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अपराध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

