जमशेदपुर में दुर्गापूजा को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से शहर में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जाकर जांच करेंगी। खास तौर पर मिठाई, खोवा, पनीर, दूध, खाद्य तेल और मसालों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी।
जांच के दौरान किसी खाद्य पदार्थ पर संदेह होने पर उसका सैंपल लिया जाएगा और उसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदार या प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते हैं। ऐसे में प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान रखें और किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।

