जमशेदपुर। शहर के बिष्टुपुर स्थित साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक CNG ऑटो में अचानक आग लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो आदित्यपुर पुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान ऑटो से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। स्थिति को भांपते हुए चालक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना में ऑटो और बच्चों के स्कूल बैग जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। तकनीकी खराबी या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल वाहनों की नियमित जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

