जमशेदपुर: डिमना लेक रोड की घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान बासुदेव टुडू के रूप में हुई है। वह कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह टोला हाड़ियाडीह के रहने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात बासुदेव अपने दो रिश्तेदारों के साथ पुरानी बाइक खरीदने जमशेदपुर आए थे। बाइक नहीं मिलने पर तीनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना घाटी में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बासुदेव बाइक समेत सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। उनके साथ मौजूद रिश्तेदार कुछ दूर आगे निकल गए। बाद में वापस लौटने पर उन्होंने बासुदेव को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधि खगेन चंद्र महतो की मदद से उन्हें MGM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि बासुदेव की शादी करीब डेढ़ साल पहले ही हुई थी। इस हादसे से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।

