जमशेदपुर: टेल्को क्षेत्र में टाटा मोटर्स की जमीन के इस्तेमाल को लेकर नया विवाद सामने आया है। नीलडीह एन्क्लेव और रिवर व्यू एन्क्लेव की 60 एकड़ से अधिक जमीन के लीज और सब-लीज पर सवाल उठाते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को कानूनी नोटिस भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने बिश्वनाथ महतो की ओर से 11 नवंबर 2026 को यह नोटिस जारी किया है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि औद्योगिक उपयोग के लिए अधिग्रहित जमीन पर आवासीय कॉलोनियां विकसित की गई हैं। साथ ही जमीन के मूल आवंटन और उसके बाद हुए हस्तांतरण की कानूनी वैधता की जांच की मांग की गई है।
इसके अलावा टेल्को क्षेत्र के खेल मैदानों और सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर कथित कब्जे तथा व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
नोटिस भेजने वाले पक्ष ने पूरे टेल्को क्षेत्र की जमीन का सर्वे कराने और अतिरिक्त जमीन के इस्तेमाल की जांच करने की मांग की है।
बताया गया है कि उपायुक्त को कार्रवाई के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।

