जमशेदपुर के बिरसानगर में बुधवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई। पीएम आवास के पास रहने वाले 27 वर्षीय आकाश कुमार लाल ने पत्नी से घरेलू विवाद के बाद अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आकाश मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था और बारीडीह क्षेत्र में डिलीवरी बॉय का काम करता था। करीब एक महीने पहले ही वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये के मकान में रहने आया था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात किसी घरेलू बात को लेकर आकाश और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद आकाश दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद पत्नी ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटका मिला। पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा और तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घरेलू विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि आकाश नशे का आदी था।

