जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर इलाके में साइबर अपराध के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ओम नगर स्थित एक मकान में छापेमारी कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर साइबर पुलिस और रामगढ़ साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात करीब 2 बजे यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 से अधिक मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, लैपटॉप और नकदी बरामद की।
बताया जा रहा है कि रामगढ़ के एक व्यक्ति के बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते से करीब 43 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को बिरसानगर में साइबर अपराधियों के ठिकाने की जानकारी मिली।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

