जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के गद्दी मोहल्ला में मंगलवार रात बाइक टकराने को लेकर विवाद हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे चौक बाजार के पास हुई। बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, शुभम ठाकुर और उज्ज्वल ठाकुर वहां मौजूद थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों की बाइक शुभम की बाइक से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दोनों युवक बाइक से भागने लगे और गद्दी मोहल्ला के पास फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुभम और उज्ज्वल इस घटना में बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलने पर जुगसलाई पुलिस और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद नहीं हुआ है। इसलिए पुलिस ने अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।

