जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को जमशेदपुर में काला दिवस मनाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर, काली पगड़ी बांधकर और बांह पर काली पट्टी लगाकर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने, चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने और संबंधित चुनाव अधिकारी के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के वोट और उनके अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
इस विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा उठाया।

