जमशेदपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। NH-33 के पारडीह इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 24 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, SSP ऐहतेशाम वकारिब को गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान तीन बैग से 17 पैकेट में रखा कुल 23.940 किलो गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप बिहार भेजने की तैयारी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी (30) और पूटलू भूमिज (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

