जमशेदपुर: झारखंड में GST फर्जीवाड़े के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, करीब 135 शेल कंपनियों के जरिए ₹5,000 करोड़ से ज्यादा के फर्जी चालान जारी किए गए और इनके माध्यम से ₹734 करोड़ से अधिक का फर्जी Input Tax Credit (ITC) जनरेट किया गया।
ED के अनुसार, इस मामले की जांच DGGI जमशेदपुर की शिकायतों के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में आरोप है कि कागजों पर बनाई गई कंपनियों के जरिए बिना वास्तविक सामान या सेवाओं की सप्लाई के फर्जी इनवॉइस तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल GST देनदारी कम करने के लिए किया गया।
इस मामले में ED के रांची जोनल ऑफिस ने ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और राज जायसवाल को गिरफ्तार किया है। 30 सितंबर को जमशेदपुर और कोलकाता में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। दोनों को 1 अक्टूबर को रांची की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच एजेंसी का कहना है कि आरोपियों से जुड़ी संस्थाओं के माध्यम से करीब ₹54.33 करोड़ का फर्जी ITC रूट किया गया। ED इस रकम के कथित मनी ट्रेल और संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

