जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लायाडीह गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां छह महीने से बंद पड़ी पत्थर खदान के गहरे पानी में 14 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृत छात्रा की पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है। वह सातवीं कक्षा में पढ़ती थी।
परिजनों के अनुसार, छात्रा मंगलवार को रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खदान के पानी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
शव पर चोट के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने खदान के गहरे गड्ढों को भरने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कई घंटों तक घेरे रखा।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उसी के बाद छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

