जमशेदपुर के बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। मौत के कुएं में बाइक से खतरनाक स्टंट दिखा रही एक युवती की मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। हादसे में युवती झुलसकर घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती लकड़ी से बने मौत के कुएं की दीवार पर तेज रफ्तार में बाइक चला रही थी। इसी दौरान बाइक के इंजन के पास से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई और युवती का संतुलन बिगड़ गया।
बाइक में आग लगते ही वहां मौजूद दर्शकों में दहशत फैल गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। मेले के कर्मचारियों ने पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाई। हादसे में बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
इस घटना के बाद मेले में अग्निशमन और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बाइक में आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की जाँच किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

